हरियाणा कांग्रेस: नया प्रभारी बनने के बाद दीपक बाबरिया ने ली कांग्रेस की पहली बैठक

पार्टी प्रभारी बाबरिया ने कांग्रेसजनों का उत्साह और कर्मठता देखकर खुशी जाहिर की। उन्होंने हरियाणा में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की ऐतिहासिक सफलता के लिए सभी को बधाई दी।

Title and between image Ad

चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी दीपक बाबरिया ने आज चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला, पूर्व सीएलपी किरण चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, रामकिशन गुर्जर, सुरेश गुप्ता, श्रुति चौधरी के साथ एआईसीसी सदस्य, पीसीसी सदस्य, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पीआरओ, एपीआरओ, फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन और प्रकोष्ठ के चेयरमैन, 2019 चुनाव के उम्मीदवार, पार्टी प्रवक्ता, पूर्व डीसीसी अध्यक्ष, एग्जीक्यूटिव कमेटी सदस्य 2012, मेयर और पूर्व मेयर समेत कई वरिष्ठ नेतागण शामिल हुए। इस मौके पर सभी नेताओं ने नवनियुक्त प्रभारी दीपक बाबरिया का स्वागत किया और उन्हें पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। वरिष्ठ नेताओं ने संगठन व आगामी रणनीति को लेकर अपने-अपने विचार व सुझाव रखे।

Haryana Congress: Deepak Babaria took the first meeting of Congress after becoming the new in-charge
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया का स्वागत करते हुए।

पार्टी प्रभारी बाबरिया ने कांग्रेसजनों का उत्साह और कर्मठता देखकर खुशी जाहिर की। उन्होंने हरियाणा में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की ऐतिहासिक सफलता के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश में अब चुनावी मोड में काम करेगी। उपचुनाव से लेकर स्थानीय निकाय, फिर लोकसभा और उसके बाद विधानसभा चुनाव तक कार्यकर्ताओं का जज्बा और उत्साह कायम रहेगा। संगठन निर्माण के कार्य को जल्द संपन्न किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व को पता है कि किस नेता में कितनी क्षमता है। फूल को यह बताने जरूरत नहीं है कि उसमें कितनी खुशबू है।

प्रभारी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और चौधरी उदयभान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश में संगठन को जीवंत और सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ के रखा है। संगठन में पद देने की औपचारिकता भी जल्द पूरी कर ली जाएगी। प्रदेश स्तर से लेकर जिला, ब्लॉक, मंडल व बूथ स्तर तक पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी। इसमें पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं के साथ, अन्य दलों से शामिल होने वाले नेताओं को भी पूर्ण मान-सम्मान दिया जाएगा। ‘विपक्ष आपके समक्ष’, ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान और ‘जन मिलन’ समारोह के जरिए लगातार पार्टी जनता से सीधा संवाद कर रही है। इस संवाद के आधार पर लोगों की आकांक्षाओं और मांगों का आंकलन करके पार्टी चुनाव में हर वर्ग की उम्मीदों पर खरा उतरने वाला मेनिफेस्टो पेश करेगी।

Haryana Congress: Deepak Babaria took the first meeting of Congress after becoming the new in-charge
सम्बोधित करते पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस अपने वादों को पूरा करने के लिए जानी जाती है। पार्टी की तरफ से जो भी घोषणाएं की जा रही हैं और जो वादे मेनिफेस्टो में किए जाएंगे, उन्हें पूरा किया जाएगा। बुजुर्गों को ₹6000 रुपये पेंशन देने से लेकर गृहिणी को ₹500 का सिलेंडर और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ देने के वादे बजट और संभावनाओं का आकलन करके किए जा रहे हैं। इनको अमलीजामा पहनाने के लिए कांग्रेस पूरी तरह प्रतिबध है। गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के लगभग 4 लाख परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट देने का ऐतिहासिक कल्याणकारी कार्य कांग्रेस सरकार के दौरान ही किया गया। पार्टी की सरकार ने पिछले कार्यकाल के दौरान मेनिफेस्टो में किया गया अपना हरेक वादा पूरा किया। हुड्डा ने कहा कि जनता प्रदेश से बीजेपी-जेजेपी का सफाया करने और कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। सभी को उम्मीद है कि दीपक बाबरिया को जिम्मेदारी मिलने के बाद कांग्रेस के प्रति लोगों का उत्साह आंदोलन में बदलेगा और बदलाव की आंधी तूफान का रूप लेगी।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने 5 प्रस्ताव पेश किए। सभी कांग्रेसजनों ने प्रस्तावों का समर्थन किया। प्रस्ताव में चौधरी उदयभान ने कहा-

1. हरियाणा के हम सभी कांग्रेसजन प्रदेश की भ्रष्ट, नकारा और जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प करते हैं। इसके साथ हम प्रदेश के सभी सामाजिक संगठनों, देशभक्त नागरिकों व गैर-सांप्रदायिक विचारधारा के लोगों से इस अभियान में कांग्रेस का सहयोग करने का आह्वान करते हैं।

2. कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के प्रतिभावान व कर्मठ लोगों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। ताकि पार्टी किसान, मजदूर, व्यापारी और कर्मचारी समेत प्रत्येक वर्ग की आवाज को और मजबूती प्रदान कर सके। यदपि इस कार्य में अनेक चुनौतियां होंगी, लेकिन कांग्रेस पार्टी हरेक चुनौती का सामना करने में सक्षम है।

3. हम सब कांग्रेसजन यह महसूस करते हैं कि किसी भी संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए अनुशासन बेहद जरूरी है। इसलिए किसी भी नेता तथा कार्यकर्ता को कभी कोई ऐसा कार्य नहीं करना चाहिए या ऐसा वक्तव्य नहीं देना चाहिए जिससे पार्टी का अहित हो। अनुशासन तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

4. उदयपुर चिंतन शिविर में लिए गए संकल्पों को कार्यरूप देते हुए पार्टी संगठन की प्रदेश स्तर तक ही नहीं, बल्कि जिला, ब्लॉक, मंडल, ग्राम तथा बूथ स्तर तक संरचना की जाएगी।

5. हम सभी कांग्रेसजन अपने नेता श्री राहुल गांधी जी का ‘भारत जोड़ो यात्रा’ व ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ जैसे अभियान के लिए आभार व्यक्त करते हैं। उनके इस अभियान से ना केवल नफरत की राजनीति करने वाली ताकतों को झटका लगा है, अपितु आमजन के बीच भाईचारे व मोहब्बत का पैगाम भी पहुंचा है। साथ ही देश में लगातार बढ़ती जा रही आर्थिक व सामाजिक असमानता के विरुद्ध जनमत स्थापित हुआ। राहुल गांधी जी की यात्रा के बाद कांग्रेस को मजबूती प्राप्त हुई है। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक की शानदार जीत इसका जीवंत उदहारण है। हम सब संकल्प करते हैं कि पार्टी की इस जीत के क्रम को हरियाणा में भी जारी रखेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा की पूरी कांग्रेस की तरफ से नव नियुक्त प्रभारी को भरोसा दिलाया कि इन प्रस्तावों को अमलीजामा पहनाने में पार्टी कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। बैठक के बाद प्रभारी ने वरिष्ठ नेताओं, विधायकों व पूर्व विधायकों के साथ एक-एक करके मुलाकात की। उन्होंने सभी से सुझाव लिए। प्रभारी का कांग्रेसजनों से बैठक का यह सिलसिला रविवार तक चलेगा।

 

Connect with us on social media
1 Comment
  1. … [Trackback]

    […] Find More here on that Topic: gyanjyotidarpan.com/haryana-congress-deepak-babaria-took-the-first-meeting-of-congress-after-becoming-the-new-in-charge/ […]

Comments are closed.