चंडीगढ़: असंध के पूर्व विधायक सरदार बख्शीश सिंह विर्क ने बीजेपी छोड़ कांग्रेस का दामन थामा
कांग्रेस में शामिल सभी नेताओं का स्वागत पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान ने किया।
चंडीगढ़, (अजीत कुमार): असंध से पूर्व विधायक और पूर्व सीपीएस सरदार बख्शीश सिंह विर्क ने अपने सैकड़ों साथियों संग भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। मंगलवार को विर्क के साथ कई गांवों के सरपंच, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, चेयरमैन और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस में शामिल होकर पार्टी के प्रति आस्था जताई। कांग्रेस में शामिल सभी नेताओं का स्वागत पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान ने किया। उन्होंने सभी को कांग्रेस में मान-सम्मान का भरोसा दिलाया और कहा कि विर्क के शामिल होने से असंध समेत हरियाणा के कई विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
दिल्ली निवास पर विभिन्न दलों के पदाधिकारियों, नेताओ और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की नीतियों में अपनी आस्था व्यक्त कर पार्टी का दामन थामा। कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वालों में मुख्य रूप से –
सरदार बख्शीश सिंह विर्क (पूर्व विधायक)
यशकरण राणा (प्रदेश प्रवक्ता, जजपा)
तपन गोगिया… pic.twitter.com/LN76AcWNQu— Bhupinder S Hooda (@BhupinderShooda) September 17, 2024
इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इनेलो, जजपा और हलोपा, भाजपा की ‘बी टीम’ के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये पार्टियां एक-दूसरे की मदद कर रही हैं और अब नामांकन वापस लेने का दिखावा कर रही हैं। लेकिन प्रदेश की जनता अब भाजपा की साजिशों को समझ चुकी है और 36 बिरादरी कांग्रेस को भारी बहुमत से सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। हुड्डा ने वादा किया कि कांग्रेस सरकार बनने पर बुजुर्गों को 6,000 रुपये महीना पेंशन, 500 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर, 300 यूनिट फ्री बिजली और एक लाख पक्की नौकरियां देने का काम किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि भाजपा में हार का डर साफ नजर आ रहा है, और इस कारण उनकी बौखलाहट बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से समाज को बांटने और बरगलाने का काम करती आई है, जबकि कांग्रेस दिलों को जोड़ने की राजनीति करती है।