चंडीगढ़: बीजेपी के पूर्व मंत्री कर्ण देव कंबोज कांग्रेस में शामिल, सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थामा

यह समारोह पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान की उपस्थिति में हुआ। दोनों नेताओं ने कंबोज और उनके साथियों का कांग्रेस में स्वागत किया और सम्मान का आश्वासन दिया।

Title and between image Ad

चंडीगढ़, (अजीत कुमार): बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री कर्ण देव कंबोज शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उनके साथ करीब 200 बीजेपी पदाधिकारी, सरपंच, पूर्व सरपंच और ब्लॉक समिति के सदस्य भी कांग्रेस में शामिल हुए। साथ ही, आम आदमी पार्टी (आप) के दर्जनभर पदाधिकारियों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली। यह समारोह पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान की उपस्थिति में हुआ। दोनों नेताओं ने कंबोज और उनके साथियों का कांग्रेस में स्वागत किया और सम्मान का आश्वासन दिया।

बीजेपी पर साधा निशाना
कांग्रेस में शामिल होने के बाद कर्ण देव कंबोज ने बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी न केवल जनता बल्कि अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी सम्मान नहीं करती। उन्होंने विशेष रूप से ओबीसी समाज के प्रति बीजेपी के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी ओबीसी वर्ग का वोट तो चाहती है, लेकिन उन्हें अधिकार देने से कतराती है। कंबोज ने विश्वास जताया कि इस बार चुनाव में दलित और पिछड़ा वर्ग एकजुट होकर बीजेपी के अहंकार को तोड़ने का काम करेगा और कांग्रेस को प्रचंड बहुमत दिलाएगा।

हुड्डा और उदयभान की प्रतिक्रिया
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कंबोज और उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए कहा कि बीजेपी की नीतियों ने एससी और ओबीसी वर्ग के खिलाफ पक्षपात किया है, जिससे उनके बड़े नेता को पार्टी छोड़नी पड़ी। उन्होंने कहा कि कंबोज के कांग्रेस में शामिल होने से हरियाणा में बदलाव की लहर और मजबूत होगी। चौधरी उदयभान ने भी कहा कि कर्ण देव कंबोज जैसे प्रभावशाली नेताओं के कांग्रेस में आने से हरियाणा के जीटी रोड बेल्ट में बीजेपी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

अन्य नेताओं का कांग्रेस में प्रवेश
कर्ण देव कंबोज के साथ कई अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनमें बलविंद्र दिमान (बीजेपी ओबीसी जिला अध्यक्ष, जींद), विपिन (ब्लॉक समिति अध्यक्ष, रादौर), लवलीन टुटेजा (आप राज्य संयुक्त सचिव), चरण चौधरी (प्रधान, सरपंच एसोसिएशन, बावल) सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा, पूर्व विधायक बंताराम वाल्मीकि, तेजवीर सिंह और बीजेपी के पूर्व मीडिया प्रभारी एडवोकेट राजकुमार शर्मा ने भी कांग्रेस का हाथ थामा।

कांग्रेस में इन नए चेहरों के शामिल होने से पार्टी को आगामी चुनावों में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, और यह बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

Connect with us on social media
Leave A Reply