कांग्रेस 15 जुलाई से करेगी ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान की शुरुआत: सरकार से मांगेंगे 10 साल के पिछड़ेपन पर जवाब, सभी 90 हलकों में करेंगे भाजपा सरकार की विफलताएं उजागर

हुड्डा ने कहा कि ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के माध्यम से भाजपा सरकार की विफलताओं को और सवालों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। इस अभियान के दौरान कांग्रेस पार्टी के संकल्प बताने के साथ ही लोगों की उम्मीदों व आकांक्षाओं से जुड़े सुझाव एकत्रित कर उन्हें कांग्रेस पार्टी द्वारा तैयार किए जा रहे जनता के घोषणा पत्र में शामिल कराया जाएगा।

Title and between image Ad

चंडीगढ़, (अजीत कुमार): सांसद दीपेंद्र हुड्डा 15 जुलाई को करनाल विधानसभा क्षेत्र से ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि हरियाणा 10 साल में इतना कैसे पिछड़ गया। हुड्डा ने कहा कि ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के माध्यम से भाजपा सरकार की विफलताओं को और सवालों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। इस अभियान के दौरान कांग्रेस पार्टी के संकल्प बताने के साथ ही लोगों की उम्मीदों व आकांक्षाओं से जुड़े सुझाव एकत्रित कर उन्हें कांग्रेस पार्टी द्वारा तैयार किए जा रहे जनता के घोषणा पत्र में शामिल कराया जाएगा। यह व्यापक डोर-टू-डोर कैम्पेन अगले डेढ़ महीने चलेगा और वे स्वयं हरियाणा के सभी 90 हलकों में जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा हो रही है और अगले एक-दो दिन में इसकी घोषणा की जाएगी।

हुड्डा ने ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के तहत बीजेपी सरकार के खिलाफ 15 सवालों को दोहराते हुए कहा कि इन्हें लेकर हम हर गांव, हर शहर, हर गली, हर घर, हर परिवार के बीच जाएंगे। चार्जशीट के जरिए भाजपा सरकार के कारनामों की पोल खोली जाएगी। उन्होंने 15 सवाल दोहराते हुए पूछा:

1. देश में सबसे ज्यादा बेरोज़गारी हरियाणा में क्यों?
2. बीजेपी की केंद्र सरकार ने हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य क्यों कहा?
3. घर-घर तक कैसे पहुंचा नशा व ड्रग्स का काला साम्राज्य?
4. देश में सर्वाधिक महंगाई हरियाणा में क्यों?
5. भ्रष्टाचार के जनक व जनता के जी का जंजाल क्यों बने सरकारी पोर्टल व प्रॉपर्टी ID?
6. भाजपा के 10 साल में हजारों करोड़ के 50 से ज्यादा बड़े घोटाले कैसे हुए?
7. भाजपा काल क्यों बना किसानों का काल?
8. भाजपा ने दलितों और पिछड़े वर्ग की घोर उपेक्षा क्यों की?
9. बीजेपी ने अग्निपथ और कौशल निगम के जरिए क्यों खत्म की पक्की नौकरियां?
10. बीजेपी ने हर वर्ग पर लाठी और गोलियां क्यों बरसाई?
11. इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को शून्य पर क्यों ले आई बीजेपी?
12. बीजेपी ने 2014 और 2019 की चुनावी घोषणाएं अब तक क्यों पूरी नहीं की?
13. बीजेपी ने स्वास्थ्य सेवाओं का दिवालिया क्यों पीटा?
14. बीजेपी ने प्रदेश के शिक्षा तंत्र को बर्बाद क्यों किया?
15. बीजेपी ने देश की सबसे विकसित अर्थव्यवस्था को क्यों चौपट किया?

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 10 साल में सबसे विफल सरकार साबित हुई है। कांग्रेस सरकार ने 2004 और 2009 में जो कहा वो पूरा किया, लेकिन भाजपा ने 2014 और 2019 में जो वायदे किए उन्हें भी पूरा नहीं किया। लोकसभा चुनाव परिणामों से स्पष्ट हो गया कि पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन को देश के सभी 28 प्रदेशों की तुलना में सबसे ज़्यादा मत प्रतिशत 47.6% हरियाणा में मिला और 2019 के मुकाबले मत प्रतिशत में सर्वाधिक 19.2% बढ़ोतरी भी हरियाणा में हुई। प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में कांग्रेस के वोट में ज़बरदस्त इजाफ़ा हुआ और भाजपा के वोट में ज़बरदस्त गिरावट आई। हरियाणा में प्रचंड बहुमत के साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है।

 

Connect with us on social media

Comments are closed.